उत्तराखंड: श्रद्धा और धूमधाम से मनाया वट सावित्री व्रत , महिलाओं ने की पति की दीर्घायु की कामना

खबर शेयर करें

नैनीताल (जीवन गोस्वामी)। सोमवार 26 मई को वट सावित्री व्रत महिलाओं ने बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया। सोलह श्रृंगार से सजी सुहागिन महिलाओं ने बिंदुखत्ता हाट कालिका मंदिर वट वृक्ष के पास विशेष पूजा अर्चना की और अपने पति के दीर्घायु के लिए रक्षा सूत्र को पेड़ में बांध परिक्रमा की।
महिलाएं कुमाऊंनी परिधानों में सजी-धजी पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए हाटकालिका में सुबह से वट वृक्ष की पूजा अर्चना कर रही थीं। मंदिर के पुजारी के नेतृत्व में पूजा विधिवत सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ मास की अमावस्या पर यह व्रत रखा जाता है, जो इस बार सोमवती अमावस्या से भी संयोग में है, इसलिए यह और भी अधिक फलदायी माना जाता है।
उन्होंने बताया वट सावित्री व्रत हिन्दू धर्म में विशेष महत्व रखता है। विवाहित महिलाएं अपने अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र के लिए यह व्रत रखती हैं।
मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने पति के प्राण यमराज से वापस लिए थे, तभी से यह व्रत चलता आ रहा है। वट वृक्ष की पूजा करने से पति की आयु लंबी होती है
और घर में सुख-शांति बनी रहती है। यह व्रत मन, शरीर और आत्मा की शुद्धि का साधन भी है तथा मोक्ष की ओर ले जाता है।
इस दौरान पूजा चौहान ,मनीषा चौहान ,चंद्रा , रुद्राक्षी, रितिका निशा ,नीमा गोस्वामी, मुन्नी देवी सहित भारी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।