अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है यहां एक तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से जा टकराई, हादसे में बाइक सवार चारों युवकों की मौत हो गई।
मिली जानकारी अनुसार अलीगढ़ में रविवार को एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े हुए ट्रक से टकरा गई। जोरदार टक्कर लगने की वजह से गाड़ी बेकाबू हो गई। फिर पलटते हुए सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जब हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनके परिवार के लोगों को सूचना दी गई है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
बुलंदशहर से अलीगढ़ आ रहे थे चारों: हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक बुलंदशहर के थाना डिबाई के गांव दौलतपुर खुर्द के रहने वाले थे। चारों युवक रात में लगभग 2:30 बजे बुलंदशहर से अलीगढ़ की ओर जा रहे थे। चारों एक ही बाइक पर सवार थे और काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि जवां थाना क्षेत्र के छेरत में वेलकम गेस्ट हाउस के पास उनकी बाइक कंट्रोल में आ गई। जिसके बाद बाइक सड़क के किनारे खड़े एक वाहन में जाकर घुस गए। जोरदार टक्कर के कारण चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चारों युवक डिबाई के एक ही गांव दौलतपुर खुर्द के रहने वाले हैं। सभी ने एक साथ देर रात तक मेला देखा था। इसके बाद फिर अलीगढ़ आने के लिए निकल पड़े थे। लेकिन अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया, जिसमें सभी की मौत हो गई।
हादसे के कारण विकास (19) निवासी दौलतपुर खुर्द, यश (18) निवासी दौलतपुर खुर्द, रवि (22) पुत्र श्याम सिंह, निवासी दौलतपुर खुर्द और सुनील (24) निवासी दौलतपुर खुर्द थाना डिबाई जनपद बुलंदशहर की मौत हो गई है।