Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए वृद्ध महिला के साथ रेप के आरोपी को 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 60 वर्षीय वृद्धा के साथ हुए दरिंदगी के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना 24 अक्टूबर की रात की है, जब वृद्ध महिला अपने घर में सो रही थी। रात करीब एक बजे, गांव का ही एक युवक उसके घर में घुस आया और उसे शिकार बना लिया। वृद्धा के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। गुरुवार की मध्य रात्रि, जब पुलिस ने इगलास रोड बाबा भट्टा के पास उसे पकड़ने की कोशिश की, तब मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षा में पुलिस की फायरिंग में आरोपी फतेह खां घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस को फतेह खां के पास से एक तमंचा और एक कारतूस भी मिला है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और पूर्व में भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सासनी में एनडीपीएस एक्ट व चोरी जैसी संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस की सक्रियता से उम्मीद की जा रही है कि न्याय जल्दी मिलेगा।