Election Results Haryana and J&K: हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी ने जीत का परचम लहराने के साथ ही इतिहास रच दिया है। हरियाणा में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। राज्य में ऐसा करने वाली वह पहली पार्टी होगी।
बीजेपी ने हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस के खाते में 37 सीटें आई हैं। इसके अलावा इंडियन नेशनल लोकदल को 2 सीटों पर जीत मिली है। उधर 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। बीजेपी हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएगी। हरियाणा में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाकर कांग्रेस और अन्य दलों को चौंका दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा गढ़ी-सांपला सीट से जीत गए हैं।
कांग्रेस ने रिजल्ट को चौंकाने वाला बताया है। वहीं सीएम सैनी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस के झूठ को नकार दिया है।
BJP की बढ़त के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम नायब सिंह सैनी को फोन किया और जीत पर बधाई दी। इस बीच खबर आ रही है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण दशहरा यानी 12 अक्टूबर को हो सकता है।
डेढ़ घंटे में रुझान कांग्रेस के हाथ से निकले मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। रुझान आते ही कांग्रेस ने बढ़त बना ली थी और कुछ देर तक एक तरफा जीत की ओर थी। पार्टी ने 65 सीटों को छू लिया था। भाजपा कम होकर 17 सीटों पर आ गई थी।
लेकिन 9:30 बजे भाजपा टक्कर में आई और दोनों पार्टियों में दो सीटों का अंतर रह गया। सुबह 9:44 बजे एक समय ऐसा भी आया जब दोनों पार्टी 43-43 सीटों पर आ गईं। इसके बाद भाजपा 51 सीटों तक पहुंच गई। करीब 11 बजे से भाजपा की सीटें 47 से 51 के बीच बनी हुई हैं।
हरियाणा में इस बार 67.90% वोटिंग हुई थी। पिछले चुनाव में 68.20% वोटिंग हुई थी।
जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बहुमत
जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे मंगलवार को आ गए। केंद्रशासित प्रदेश में 10 साल बाद हुए चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। नेशनल कॉन्फ्रेंस 42 और कांग्रेस 6 सीटें जीत गईं। सीपीएम को भी एक सीट मिली। जम्मू रीजन में 28 सीटें जीतकर बीजेपी अब मुख्य विपक्षी दल बन गई है। पीडीपी को सिर्फ तीन सीटें मिली। पहली बार आप ने भी एक सीट जीतकर खाता खोला। निर्दलीयों के खाते में 6 सीटें आईं।